ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: दुबई से विकास अग्रवाल को लाने की तैयारी, एक हफ्ते में रायपुर पहुंच सकती है टीम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित 3,200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में जांच एजेंसी एसीबी और ईओडब्ल्यू की कार्रवाई तेज हो गई है। दुबई में गिरफ्तार मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू (शिब्बू) को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यूएई सरकार उसे डिपोर्ट कर रही है। अगले एक हफ्ते में उसे रायपुर लाने की तैयारी है।

सूत्रों के मुताबिक, विकास को भारत लाने के लिए एसीबी-ईओडब्ल्यू प्रमुख और तीन डीएसपी स्तर के अधिकारियों की विशेष टीम यूएई जाएगी। विदेश दौरे और कानूनी प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। एजेंसी को उम्मीद है कि सुब्बू से पूछताछ में अवैध रकम के लेन-देन और घोटाले के अंतिम लाभार्थियों के बारे में अहम जानकारी मिलेगी।

छोटे ठेकेदार से सिंडिकेट का मैनेजर बना

जांच के अनुसार, विकास अग्रवाल ने 2014-15 में नाली और सड़क निर्माण के छोटे ठेके लेने से शुरुआत की थी। कांग्रेस सरकार बनने के बाद होटल कारोबारी अनवर ढेबर से उसकी नजदीकी बढ़ी। आरोप है कि वह शराब सिंडिकेट में अहम भूमिका निभाने लगा। डिस्टिलरी संचालकों और एफएल-10ए लाइसेंसधारकों से कमीशन वसूली के साथ शराब कारोबार के पार्ट ए, बी और सी से होने वाली कथित अवैध कमाई का हिसाब भी वही रखता था।

बोरियों में रखते थे वसूली की रकम

जांच एजेंसियों का आरोप है कि वसूली की नकदी बोरियों और कार्टून में रखी जाती थी। रायपुर की पाम बेलाजियो सोसाइटी में दो फ्लैट भी रकम छिपाने के लिए खरीदे गए थे। एजेंसी के मुताबिक, करीब 1,200 करोड़ रुपए हवाला के जरिए दुबई पहुंचाए गए। विकास जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते विदेश भाग गया था और बाद में परिवार को भी यूएई बुला लिया था।

कई प्रमुख आरोपी जमानत पर बाहर

महादेव सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ कार्रवाई के बाद विदेश में छिपे आर्थिक अपराध के आरोपियों पर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। शराब घोटाले में केके श्रीवास्तव को छोड़कर अन्य प्रमुख आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इनमें कवासी लखमा, अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा, सौम्या चौरसिया और चैतन्य बघेल सहित अन्य नाम शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button