सुशासन, विकास और सुरक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सुशासन, विकास और सुरक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि कई आरोपी जेल में हैं। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत दो वर्षों में 7 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। भारतीय वन संरक्षण देहरादून की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 683 वर्ग किमी वन एवं वृक्ष आवरण बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के समूल उन्मूलन का संकल्प दोहराते हुए कहा कि 31 मार्च तक निर्णायक परिणाम की उम्मीद है। बस्तर में स्कूल, अस्पताल और पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।

उन्होंने बताया कि किसानों से 21 क्विंटल तक 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा गया है और अंतर की राशि होली से पहले दी जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 10 महीनों में 5 लाख से अधिक आवास पूरे किए गए हैं। सिंचाई परियोजनाओं के लिए दो वर्षों में 10,700 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।

‘जी राम जी योजना’ के तहत मनरेगा से बढ़ाकर 125 दिन का रोजगार मिलेगा। 32 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। राज्य में ई-ऑफिस और डिजिटल गवर्नेंस लागू कर पारदर्शिता बढ़ाई गई है।

रेलवे क्षेत्र में 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत 32 स्टेशनों का आधुनिकीकरण हो रहा है। 5 नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। आयुष्मान भारत के तहत 4551 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हाफ बिजली बिल से आगे बढ़कर मुफ्त बिजली की दिशा में काम कर रही है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए 27 हजार घरों को रोशन किया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए शिखर पर पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।

Exit mobile version