छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का 21 अक्टूबर से आगाज, सरदार सिंह होंगे ब्रांड एंबेसडर

रायपुर में 6 फ्रेंचाइजी टीमों की जर्सी लॉन्च; 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी दिखाएंगे दम, विजेता को मिलेंगे 11 लाख रुपए

रायपुर। रायपुर में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन खेला जाएगा। इसके लिए सोमवार को छह फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान किया गया। टीमों की जर्सी भी लॉन्च की गई।

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह लीग के एंबेसडर होंगे। उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। टीमों को ड्रॉ के जरिए खिलाड़ियों के 22 सदस्यीय दल और मुख्य कोच आवंटित किए गए।

लीग के मुकाबले राजधानी के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होंगे। इसमें छह टीमों के 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं। हर टीम में चार अतिथि खिलाड़ियों के साथ एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी भी रहेगा।

इन संस्थानों के पास फ्रेंचाइजी

लीग में चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।

टीमों की अगुवाई पूर्व ओलंपियन एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर करेंगे। लीग में 18 पुरुष मुकाबले और महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच खेला जाएगा।

विजेता को 11 लाख रुपए

प्रतियोगिता में कुल 21 लाख रुपए की पुरस्कार राशि रखी गई है। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को 6 लाख रुपए मिलेंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए 4 लाख रुपए के पुरस्कार निर्धारित हैं। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपए मिलेंगे। प्रत्येक पुरुष मुकाबले के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे।

अरुण साव ने कहा कि लीग से प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलेगा। सरदार सिंह ने भी इसे छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क

मैच शाम 5:30 और 7:30 बजे से खेले जाएंगे। मुकाबलों के बीच मनोरंजन कार्यक्रम होंगे। दर्शक स्टेडियम में नि:शुल्क प्रवेश कर सकेंगे, जबकि मैचों का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार पर होगा। उद्घाटन समारोह में पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

लीग का मस्कट बाघ को बनाया गया है, जिसे ‘बघवा’ नाम दिया गया है। इसकी टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। आयोजकों के मुताबिक, प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच देना और प्रदेश में हॉकी के ढांचे को मजबूत करना है।

↑
Exit mobile version