रायपुर। छत्तीसगढ़वासियों के लिए एक और खुशखबरी आई है। भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि रायपुर-जबलपुर नई एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 3 अगस्त 2025 से शुरू किया जा रहा है। यह नई ट्रेन छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच आवागमन को तेज, सुगम और सुविधाजनक बनाएगी।
रेल मंत्री ने पत्र में बताया कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ में रेलवे सेवाओं और आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य में वर्तमान में 44,657 करोड़ की लागत से विभिन्न रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं। वर्ष 2025 के बजट में छत्तीसगढ़ को रिकॉर्ड 6,925 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। इनमें से 5 स्टेशनों का हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पण भी किया गया है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ में दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें पहले से ही संचालित हो रही हैं, जो ‘मेक इन इंडिया’ पहल की सफलता का उदाहरण हैं।
नई रायपुर-जबलपुर ट्रेन से केवल आवागमन ही नहीं, बल्कि व्यापार, पर्यटन और सामाजिक जुड़ाव को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य का रेल नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है, जिससे आमजन को सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवाएं मिल रही हैं।