एक दिन का मुख्यमंत्री बयान पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, कांग्रेस-बीजेपी आमने सामने

रायपुर। भाजपा नेता अजय चंद्राकर के एक बयान ने छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा कि अगर टीएस सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनने की इतनी ही हसरत है, तो उन्हें एक दिन के लिए ही सही, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित कर देंगे। यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में तूफान मचा गया।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अजय चंद्राकर का यह बयान पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री को इस तरह “उठा-बिठाया” जा सकता है? यह संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।

वहीं, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी अजय चंद्राकर के बयान को हल्केपन की बात बताया। उन्होंने कहा कि चंद्राकर मजाकिया लहजे में बात कर रहे हैं, लेकिन वह खुद कभी “एक दिन का मुख्यमंत्री” नहीं बनना चाहेंगे। सिंहदेव ने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस्तीफा दे दें और अजय चंद्राकर चाहें, तो वे उनके कहने पर मुख्यमंत्री बन सकते हैं। इस बयानबाजी के बाद सत्तारूढ़ और विपक्ष दोनों दलों में राजनीतिक जुबानी जंग छिड़ गई है। भाजपा इसे मजाकिया टिप्पणी बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे लोकतंत्र का अपमान करार दे रही है।

Exit mobile version