योग से बनेगा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, जशपुर भी बनेगा ऐतिहासिक पहल का हिस्सा

रायपुर। स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को विशेष रूप से मनाने की तैयारी की जा रही है। इस वर्ष आयुष मंत्रालय, भारत सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” निर्धारित की है। इसी कड़ी में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें छत्तीसगढ़ का जशपुर जिला भी सक्रिय भागीदारी निभाएगा।

14 जून 2026 को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जाएगा। इस सत्र में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस ऐतिहासिक पहल से जुड़ने के लिए आयुष विभाग द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इच्छुक नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

आयुष विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। विभाग का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

वहीं, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जशपुर के रणजीता स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और आम नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

योग कार्यक्रमों के पंजीयन और दस्तावेजीकरण के लिए आयुष मंत्रालय ने योग संगम पोर्टल-2026 भी शुरू किया है। इसके माध्यम से सरकारी विभाग, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय और सामाजिक संगठन अपने योग आयोजनों का पंजीयन कर सकते हैं। आयोजन के बाद कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी और फोटोग्राफ भी पोर्टल पर अपलोड किए जा सकेंगे।

आयुष विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे योग दिवस के कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान दें। विभाग का कहना है कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और संतुलित जीवन का माध्यम है। जशपुर की भागीदारी इस वैश्विक अभियान को और मजबूत करेगी।

Exit mobile version