अवैध महुआ शराब की भट्ठी पर छापा: 4700 किलो लाहन और 135 लीटर शराब जब्त, महिला गिरफ्तार

अंबिकापुर। शहर के खैरबार इलाके में लंबे समय से चल रही अवैध महुआ शराब की भट्ठी पर आबकारी विभाग की जिला स्तरीय टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मौके पर दबिश देकर करीब 4700 किलो महुआ लाहन और 135 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की।
जब्त शराब और लाहन की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग की टीम को खैरबार में अवैध तरीके से महुआ शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जांच के दौरान एक कमरे के भीतर शराब बनाने का पूरा सेटअप मिला। यहां पांच भट्ठियां लगाकर महुआ शराब तैयार की जा रही थी।
भट्ठियों के आसपास 34 ड्रमों में बड़ी मात्रा में महुआ लाहन भरा हुआ था। टीम ने सभी ड्रमों की जांच के बाद करीब 4700 किलो लाहन बरामद किया। इसके अलावा मौके से 135 लीटर तैयार महुआ शराब भी जब्त की गई। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण और सामग्री को भी विभाग ने कब्जे में ले लिया।
महिला आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने मौके से अमृता केरकेट्टा को गिरफ्तार किया। विभाग के अनुसार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामला गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है।
लंबे समय से चल रही थी भट्ठी
आबकारी विभाग के मुताबिक, मौके पर बड़ी मात्रा में लाहन और शराब बनाने का सामान मिलने से अंदाजा है कि यहां लंबे समय से बड़े स्तर पर अवैध शराब का उत्पादन किया जा रहा था। खास बात यह है कि जिस स्थान पर भट्ठी संचालित हो रही थी, वह कोतवाली से कुछ दूरी पर बताया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल विभाग मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।





