ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव: 3 दिन बारिश का दौर, दक्षिणी हिस्से में तेज हवा के साथ बरसेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। खासकर दक्षिणी छत्तीसगढ़ में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 21 अगस्त को सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

लोरमी में 14 सेंटीमीटर बारिश

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। लोरमी में सबसे ज्यादा 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जनकपुर और कुंडूर में 13-13 सेंटीमीटर तथा तातापानी में 8 सेंटीमीटर बारिश हुई। लाटाबोड़ा, कोटाडोल, रतनपुर और पेंड्रा रोड समेत कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

22 अगस्त को कई जिलों में बरसेंगे बादल

22 अगस्त को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है।

23 से 25 अगस्त तक बढ़ सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 23 से 25 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होने के संकेत हैं। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

राजधानी रायपुर में भी अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होने और मौसम सुहाना रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button