ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

12 हजार में नकल का खेल! विरोध करने पर 7 छात्रों को परीक्षा से रोका, ओपन सेंटर में हंगामा

रायगढ़। जिले के खरसिया स्थित बर्रा ओपन परीक्षा केंद्र में नकल कराने के नाम पर वसूली का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां 8 से 12 हजार रुपए लेकर छात्रों को पर्चियां दी जा रही थीं और नकल कराई जा रही थी। पैसे देने से इनकार करने पर 7 छात्रों को परीक्षा देने से रोक दिया गया, जिसके बाद केंद्र में जमकर विवाद हुआ।

छात्रों ने आरोप लगाया कि केंद्राध्यक्ष ज्ञानसागर राठिया, सहायक केंद्राध्यक्ष रामधन राठिया और प्रभारी प्राचार्य रामगोपाल राठिया की मिलीभगत से यह पूरा खेल चल रहा था। परीक्षा के दौरान बाहरी लोगों से उत्तर लिखवाने तक की स्थिति बन गई, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि 1 अप्रैल को कुछ छात्रों ने इस अवैध वसूली और नकल व्यवस्था का विरोध किया। इसके बाद कथित तौर पर संबंधित छात्रों को परीक्षा कक्ष में बैठने से ही रोक दिया गया। इससे नाराज छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

मामले की शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी हरकत में आया है। खरसिया के बीईओ लक्ष्मीनारायण पटेल ने बताया कि बर्रा हाई स्कूल में संचालित ओपन परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत मिली है। उड़नदस्ता टीम पहले भी दो दिन जांच के लिए भेजी गई थी और अब दोबारा परीक्षा के दौरान निरीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में नकल या अनियमितता की पुष्टि होती है तो केंद्राध्यक्ष और संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

इस घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं छात्रों में भी नाराजगी का माहौल है।

Related Articles

Back to top button