रायपुर। राजधानी में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल सहित सैकड़ों भाजपा नेताओं ने आज गिरफ्तारी दी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ झूमाझटकी हुई। कुछ देर बाद सभी का नेतृत्व कर रहे बृजमोहन अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जबरन बस में बैठा दिया। इस बीच मीडिया से बात करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- ये कांग्रेस के लोग निकम्मे हैं, कांग्रेस के लोग नामर्द हैं। प्रदेश में जैसी गाइडलाइन किसी धरना, आंदोलन या जुलूस के लिए बनाई गई है वैसी किसी और राज्य में नहीं है।
बृजमोहन ने आगे कहा कि ऐसे कानून कहां लागू है, कांग्रेस के नेता हमें आदेश दिखाएं। छत्तीसगढ़ अलग राज्य क्यों बना है, जो कानून दूसरे राज्यों में लागू हैं वो यहां भी लागू होंगे न। ये दूसरे प्रदेशों से बराबरी की बात करते हैं। तो दूसरे राज्यों में पीएम आवास बन रहे हैं, यहां पीएम आवास के मकान क्यों नहीं बन रहे, यहां लोगों को पट्टे क्यों नहीं मिल रहे, यहां घर घर में नल क्यों नहीं पहुंच रहा। अन्य राज्यों की बात करते हैं तो अन्य राज्यों की बराबरी करके दिखाएं जहां क्रेंद्र की योजनाएं लागू हैं।
बृजमोहन के बयान के बाद कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सत्ता हाथ से जाने के बाद भाजपा के कुछ नेता बौखला गए थे, अब अभद्र और अशिष्ट हो गए हैं। बृजमोहन अग्रवाल के प्रयोग किए गए शब्द बेहद आपत्ति जनक हैं। हम इस पर कड़ी आपत्ति व्यक्त करते हैं, हम चाहते हैं कि बृजमोहन अग्रवाल अपने शब्दों पर माफी मांगें।