StateNewsदेश - विदेश

देशभर में मौसम का बदला मिजाज: राजस्थान में जलभराव, यूपी में आंधी का कहर, एमपी-गुजरात में मानसून की एंट्री

दिल्ली। देश के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में बारिश और आंधी का दौर जारी है। वहीं मध्य प्रदेश और गुजरात में मानसून ने नौ दिन की देरी से दस्तक दे दी है। इसके साथ ही मानसून अब देश के 22 राज्यों तक पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में शेष राज्यों में भी इसके विस्तार की संभावना जताई है।

राजस्थान के सीकर और चूरू में तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। कई जगहों पर बाइक और कारें पानी में फंस गईं। उत्तर प्रदेश के आगरा में तेज आंधी के चलते सड़क किनारे खड़े वाहनों पर बिजली के पोल गिर गए, जिससे कई कारों को नुकसान पहुंचा। राजधानी दिल्ली में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बादल फटने से काचरंग नाले में बाढ़ आ गई। वहीं अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कीयी पन्योर जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। मुंबई में भी भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव हुआ और यातायात प्रभावित रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस वर्ष मानसून का स्वरूप असामान्य रह सकता है। जुलाई और अगस्त में कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश तो कुछ इलाकों में लंबे ब्रेक देखने को मिल सकते हैं। इसके साथ ही उमस और गर्मी भी बनी रह सकती है।

मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर राज्यों, ओडिशा, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव की चेतावनी भी दी गई है। देशभर में मौसम के इस बदलते स्वरूप ने प्रशासन और लोगों दोनों की चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button