छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की शुरुआत, अब नागरिक खुद ऑनलाइन भर सकेंगे अपनी जानकारी; 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना का मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत एक नई पहल की शुरुआत की गई है, जिसके अंतर्गत अब नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
राज्य में पहले चरण के रूप में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के साथ 16 से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू की गई है।
राजधानी रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील ने इस प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत करते हुए स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज की।
इस दौरान अपर मुख्य सचिव गृह श्री मनोज कुमार पिंगुआ, जनगणना निदेशक श्री कार्तिकेय गोयल और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। बाद में श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने भी स्व-गणना के तहत अपनी जानकारी ऑनलाइन भरी।
मुख्य सचिव ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की यह पहल प्रक्रिया को अधिक आसान, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाएगी। इससे नागरिक अपनी सही और पूरी जानकारी स्वयं साझा कर सकेंगे, जिससे आंकड़ों की सटीकता भी बढ़ेगी।
नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाई गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें शामिल हो सकें।
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक जनगणना टीम घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेगी। प्रगणक प्रत्येक मकान का सर्वे करेंगे, जिसमें घर की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज किए जाएंगे।
जिन नागरिकों ने स्व-गणना के तहत पहले ही जानकारी भर दी है, उन्हें प्रगणक के आने पर अपना SE ID साझा करना होगा। वहीं, जो लोग स्वयं जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनके लिए भी चिंता की बात नहीं है, क्योंकि प्रगणक उनके घर पहुंचकर पूरी प्रक्रिया पूरी करेंगे।
राज्य सरकार ने सभी नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।





