ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कैम्पा की समीक्षा बैठक संपन्न, वन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुधारने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन विकास और आधारभूत संरचना को गति देने के उद्देश्य से आज मंत्रालय महानदी भवन में कैम्पा की नवमीं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव विकासशील ने की। इस दौरान वर्ष 2024-25 और 2025-26 के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

मुख्य सचिव ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कैम्पा मद के तहत वन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पुल-पुलियों, सड़कों और आवश्यक भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा। खासतौर पर नक्सल मुक्त हुए क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए गए, ताकि इन इलाकों में शासन की पहुंच और विकास कार्यों को मजबूती मिल सके।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्ष 2026-27 के लिए 713 करोड़ 73 लाख रुपए की वार्षिक कार्ययोजना तैयार कर भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को अंतिम स्वीकृति के लिए भेजी गई है। इस योजना के तहत वृक्षारोपण, बांस वनों की पुनर्स्थापना और वन घनत्व बढ़ाने के लिए सिल्वीकल्चरल कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा वन्यप्राणियों के आवास सुधार और भू-जल संरक्षण से जुड़े कार्यों पर भी विशेष जोर रहेगा।

मुख्य सचिव ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वनीकरण, मृदा एवं जल संरक्षण जैसे कार्य बारिश शुरू होने से पहले तेजी से पूर्ण किए जाएं, ताकि उनका बेहतर परिणाम मिल सके।

बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, पीसीसीएफ व्ही. श्रीनिवास राव, अरुण पांडे, प्रमुख सचिव (कृषि) शहला निगार, वित्त सचिव मुकेश बंसल सहित राजस्व, आवास, पर्यावरण और आईटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button