StateNewsदेश - विदेश

7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 11 नवंबर को, नतीजे 14 को घोषित होंगे

दिल्ली। चुनाव आयोग ने सोमवार को देश के 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया। इन सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा और 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, झारखंड, तेलंगाना, पंजाब, मिजोरम और ओडिशा में होंगे।

जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नगरोटा सीटें अक्टूबर 2024 से खाली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बडगाम सीट छोड़ी थी, जबकि नगरोटा सीट विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद खाली हुई। राजस्थान की अंता सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि विधायक कंवरलाल मीणा की 20 साल पुराने मामले में सजा के बाद उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई थी।

पंजाब की तरनतारन सीट आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद रिक्त हुई। यहां आम आदमी पार्टी ने अकाली दल से आए हरमीत संधू को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने करणबीर सिंह बुर्ज, भाजपा ने हरजीत सिंह संधू और शिअद ने प्रिंसिपल सुखविंदर कौर रंधावा को मैदान में उतारा है। झारखंड की घाटशिला (एसटी) सीट पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन से खाली हुई। माना जा रहा है कि झामुमो यहां उनके पुत्र सोमेश सोरेन को प्रत्याशी बनाएगा, जबकि भाजपा अपने प्रत्याशी पर मंथन कर रही है।

तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट पर BRS विधायक मगंती गोपीनाथ, मिजोरम की डम्पा सीट पर एमएनएफ विधायक लालरिन्टलुआंगा सैलो और ओडिशा की नुआपाड़ा सीट पर विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन के बाद उपचुनाव कराए जा रहे हैं। इन सभी सीटों पर नतीजों से राज्यीय राजनीति के समीकरणों पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button