जमीन बंटवारे के नाम पर रिश्वत, पटवारी सस्पेंड

दुर्ग। दुर्ग जिले में जमीन बंटवारे के नाम पर बुजुर्ग महिला से रिश्वत लेने वाले अहिवारा के पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।

कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि पटवारी ने भूमि बंटवारे के एवज में बुजुर्ग महिला से 45 हजार रुपए लिए थे। वीडियो वायरल होने के बाद तहसीलदार अहिवारा ने मामले की सत्यता की जांच की।

जांच के दौरान प्रार्थी अमन कुमार टंडन और पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर के बयान दर्ज किए गए। पूछताछ में अमन कुमार ने बताया कि जमीन बंटवारे की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए पटवारी को 45 हजार रुपए दिए गए थे। वहीं पटवारी ने भी स्वीकार किया कि उसने पक्षकार की माता से पैसे लिए थे।

अपने बचाव में पटवारी ने दावा किया कि वह वेतन मिलने के बाद यह राशि लौटाने वाला था। हालांकि प्रशासन ने इसे गंभीर कदाचार माना। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम महेश राजपूत ने पटवारी की कार्यशैली को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-03 और नियम-14 के विपरीत पाया।

इसके बाद कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से लेकेश्वर सिंह ठाकुर को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

मामले के सामने आने के बाद राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने भ्रष्ट कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

Exit mobile version