रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध रॉ मटेरियल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। मामला रविशंकर शुक्ल वार्ड नंबर-13 का है, जहां एक घर में रखे संदिग्ध बैग से वायर, बैटरी, कैमिकल, एयरगन और डेटोनेटर जैसी सामग्री बरामद की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी। संदिग्ध सामान मिलने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए।
पुलिस के मुताबिक, जिस मकान से सामान मिला है वह एक मितानिन पुष्पा साहू का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीरगांव निवासी विनय देवांगन बुधवार शाम एक काले रंग का बैग लेकर वहां पहुंचा था। उसने बैग घर में रखकर बाद में ले जाने की बात कही थी। बैग को लेकर शक होने पर मितानिन ने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी।
गुरुवार सुबह पार्षद स्थानीय लोगों के साथ घर पहुंचे और बैग खोलकर देखा तो उसमें एयरगन और बम बनाने जैसी सामग्री मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बम स्क्वॉड टीम ने संदिग्ध सामान की जांच शुरू की, वहीं फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया। जांच के लिए स्नीफर डॉग की मदद ली जा रही है।
