वैभव सूर्यवंशी बोले- रिकॉर्ड नहीं, टीम के लिए खेल रहा था

दिल्ली। आईपीएल एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी कर सभी का ध्यान खींच लिया।

हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने के रिकॉर्ड से सिर्फ 3 रन दूर रह गए। यह रिकॉर्ड फिलहाल क्रिश गेल के नाम है, जिन्होंने 30 गेंदों में शतक लगाया था।

मैच के बाद जब वैभव से इस रिकॉर्ड के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस उपलब्धि की जानकारी ही नहीं थी। उन्होंने बताया कि आउट होने के बाद उन्हें पता चला कि वह रिकॉर्ड के बेहद करीब थे।

वैभव ने कहा, “उस समय मेरा पूरा ध्यान सिर्फ टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा रन बनाने पर था। शतक और रिकॉर्ड आगे भी बन सकते हैं, लेकिन अभी हमारा लक्ष्य टीम को ट्रॉफी जिताना है।”

युवा बल्लेबाज ने कहा कि टीम लगातार सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतर रही है और उसी आत्मविश्वास के साथ अगले मुकाबले में भी खेलने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि टीम का फोकस अगले मैच को जीतकर फाइनल में पहुंचने पर है।

वैभव सूर्यवंशी का विकेट प्रफुल्ल हिंगे ने लिया। वह आठवें ओवर में थर्ड मैन पर कैच आउट हो गए। अपने आउट होने पर वैभव ने कहा कि वह शतक के बारे में नहीं सोच रहे थे।

उन्होंने फील्ड सेटिंग देखकर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सही टाइम नहीं हो सकी। वैभव ने कहा कि यदि गेंद सीधे निकल जाती तो वह आसानी से बाउंड्री पार कर जाती। वैभव की इस विस्फोटक पारी की क्रिकेट जगत में जमकर चर्चा हो रही है।

Exit mobile version