पटना में गंगा नदी में नाव पलटी, 3 लोगों की मौत, 4 लापता

पटना। बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ इलाके में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में लोगों से भरी एक नाव पलट गई, जिससे तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
घटना Barh के उमानाथ क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक नाव पर करीब 14 से 15 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक तेज हवा चलने लगी, जिससे नाव नदी के बीच डगमगाने लगी और कुछ ही देर में पलट गई। हादसे के बाद नदी में चीख-पुकार मच गई।
मृतकों की पहचान नीलम कुमारी, श्रवण महतो, कशिश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रवण महतो और काशी कुमार पिता-पुत्र थे। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
हादसे में घायल हुए लोगों में राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी और एक 16 वर्षीय किशोरी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने बताया कि नदी में तेज हवा और अचानक बढ़ी लहरों की वजह से हादसा होने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से बारिश और तेज हवाओं के दौरान नदी में नाव यात्रा से बचने की अपील की है।





