ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रक्तदान, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण से भाजपा का सेवा पखवाड़ा आरंभ

रायपुर/जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय सेवा पखवाड़ा बुधवार से छत्तीसगढ़ में भी शुरू हो गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और पौधरोपण जैसे सेवा कार्यों में हिस्सा लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव स्वयं कार्यक्रमों में सहभागी बने और कार्यकर्ताओं के साथ जनसेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय महाराणा प्रताप चौक से हुई, जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद महात्मा गांधी स्कूल परिसर और गंगामुंडा स्थित विश्वकर्मा मंदिर सहित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।

इसी कड़ी में महारानी जिला अस्पताल में भाजयुमो ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजनों ने मिलकर 75 यूनिट रक्तदान किया। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अस्पताल पहुंचकर रक्तदाताओं से भेंट की, उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया और समाजसेवा के इस कार्य के लिए आभार जताया।

उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का आरंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से हुआ है और यह 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता आमजनों को जोड़कर लगातार सेवा कार्य करेंगे। भाजपा की राष्ट्र सेवा और जन सेवा की भावना इस पखवाड़े में साकार होगी। कार्यक्रमों में सांसद महेश कश्यप, डॉ. सुभाऊ कश्यप, विद्याशरण तिवारी, जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय, महापौर संजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button