दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात बुधवार रात नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में हुई। चंद्रनाथ कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी स्कॉर्पियो का रास्ता रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10.30 बजे डोलतला और मध्यमग्राम के बीच एक संदिग्ध कार स्कॉर्पियो के सामने आकर रुकी। इसके बाद बाइक सवार हमलावर ने वाहन की बाईं ओर से 6 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगीं, जिनमें दो सीने को चीरते हुए निकल गईं। ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया।
फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि हमले में अत्याधुनिक ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के मुताबिक, बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी और हमलावर हेलमेट पहनकर आए थे। जिस कार से स्कॉर्पियो को रोका गया, उसकी नंबर प्लेट भी फर्जी निकली। घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
भाजपा ने इस हत्या के पीछे TMC समर्थित हमलावरों का हाथ होने का आरोप लगाया है। वहीं TMC ने आरोपों से इनकार करते हुए मामले की कोर्ट मॉनिटरिंग में CBI जांच की मांग की है। सुवेंदु अधिकारी ने इसे “प्लान्ड मर्डर” बताते हुए कहा कि चंद्रनाथ की कई दिनों से रेकी की जा रही थी।
इधर, घटना के कुछ घंटों बाद बशीरहाट में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी फायरिंग हुई। चुनाव परिणाम आने के बाद बंगाल में अब तक पांच लोगों की हत्या हो चुकी है, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
