ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बीरगांव को 135 करोड़ की सौगात, 110 करोड़ के नए विकास कार्यों की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 135 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी।

उन्होंने विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही करीब 110 करोड़ रुपए के नए विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 82 करोड़, ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ तथा सड़क, नाली और खेल मैदान के विकास के लिए 10 करोड़ रुपए शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र है। बढ़ती आबादी और औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज और खेल सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव क्षेत्र को 160 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य मिल चुके हैं।

स्टेट कैपिटल रीजन से मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित किया जा रहा है। इसमें बीरगांव भी शामिल है। इसके तहत क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय और विद्यार्थियों के लिए नालंदा परिसर भी बनाया जाएगा।

बीरगांव के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे के बाद पात्र परिवारों को नियमानुसार आवासीय पट्टे दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवासीय सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया। प्रधानमंत्री स्वनिधि, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान और नोनी सुरक्षा योजना के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक भी दिए। सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का पांव धोकर, तिलक और आरती के साथ सम्मान किया गया।

बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव को मिली सौगात से शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button