मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सपरिवार की गोवर्धन पूजा, प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय, बगिया (जशपुर) में सपरिवार गोवर्धन पूजा संपन्न की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा में मुख्यमंत्री की माता जसमनी देवी साय, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस प्रेरणादायी लीला की स्मृति है, जब उन्होंने गोकुलवासियों को प्रलयकारी वर्षा से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर उठाकर सभी को शरण दी थी। यह पर्व हमें एकता, विश्वास और सहयोग का संदेश देता है। जब समाज एकजुट होकर कार्य करता है, तब कोई भी संकट बड़ा नहीं रह जाता।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। इस दिन गोवंश की पूजा की जाती है, जो भारतीय संस्कृति की आत्मा—गौ-संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण—का जीवंत उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस पर्व पर हम सब प्रकृति, पशुधन और कृषि के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें और सामूहिक रूप से समाज की प्रगति के लिए कार्य करने का संकल्प लें। उन्होंने सभी नागरिकों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, समृद्धि और आनंद लेकर आए।
![Government scheme changes fortunes: Goat-rearing business established with the help of 50,000 [rupees]](https://khabar36.com/wp-content/uploads/2026/11/image-2026-11-20T180922.971-390x220.jpg)




