इस एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा टला, गोएयर के विमान से टकराया पक्षी, 142 यात्रियों की सांसें अटकीं

पटना। बेंगलुरु से आ रहे गोएयर के विमान से मंगलवार को पक्षी टकरा गया। फ्लाइट में 142 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। विमान की पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई है। बताया जा रहा है कि बेंगलुरु से गोएयर की फ्लाइट जैसे ही पटना एयरपोर्ट पर पहुंच रही थी, तभी बर्ड हिट की घटना हुई।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार को बेंगलुरु से पटना आ रही गोएयर की फ्लाइट संख्या जी8-274 की लैंडिंग के दौरान एक पक्षी विमान से टकरा गया। फ्लाइट में मौजूद यात्रियों की जान खतरे में आ गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान की पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई। किसी भी यात्री को चोट पहुंचने की खबर नहीं है। 

बताया जा रहा है कि बर्ड हिट की घटना से विमान के इंजन को नुकसान पहुंचा है। इंजन की एक ब्लेड डैमेज हुई है, जिसे दिल्ली में बदल दिया जाएगा। नए साल में बर्ड हिट की यह पहली घटना है। 

Exit mobile version