हरेली पर भूपेश बघेल का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- बच्चों ने एक मिनट में धो दी ‘56 इंच’ की छवि

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बंगले पर बुधवार को पारंपरिक हरेली तिहार मनाया गया। इस अवसर पर बघेल ने परिवार और कांग्रेस नेताओं के साथ कृषि उपकरणों तथा पशुधन की पूजा की।

उन्होंने गेड़ी चढ़कर हरेली की परंपरा निभाई। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हरेली तिहार के मौके पर मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ का पहला तिहार है और यह त्योहार प्रकृति, खेती-किसानी और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा है।

पूर्व सीएम बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और त्योहारों की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि राज्य के त्योहार और परंपराएं हजारों साल पुरानी हैं, जिन्हें राजनीतिक बदलाव के कारण खत्म नहीं किया जाना चाहिए।

बघेल ने सोशल मीडिया पर बच्चों की ओर से किए जा रहे पोस्ट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। उन्होंने ‘56 इंच का छोटा बंदर, बाल नरेंद्र’ जैसे पोस्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि जो काम विपक्ष नहीं कर पाया, वह बच्चों ने कर दिया।

उन्होंने कहा कि बड़ी मुश्किल से 56 इंच के सीने की छवि बनाई गई थी, जिसे बच्चों ने एक मिनट में धो दिया।

संसद में राहुल गांधी के प्रदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर भी बघेल ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को सदन में आने से कोई नहीं रोक सकता।

उन्होंने बच्चों पर कथित कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि गोली, आंसू गैस और लाठीचार्ज के आदेश किसने दिए। बघेल ने कहा कि राहुल गांधी इसी का जवाब मांग रहे हैं और यदि आदेश गृह मंत्री का था तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ राजगीत भी गाया। बघेल ने कहा कि हरेली जैसे त्योहार छत्तीसगढ़ की पहचान हैं और इन्हें पूरी परंपरा व उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए।

Exit mobile version