मौत से पहले पति-पत्नी बोले- शिव को समर्पित कर रहे, सुसाइड नोट में लिखा- खुशी-खुशी करें विदा

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। इकलौते बेटे की मौत के गहरे सदमे से उबर न पाने के कारण पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर के आंगन में लगे पेड़ पर एक ही फंदे से लटकते मिले। इस घटना से पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

मृतकों की पहचान धरदेई गांव निवासी कृष्णा पटेल (48) और उनकी पत्नी रमाबाई (47) के रूप में हुई है। कृष्णा पटेल पेशे से राजमिस्त्री थे, जबकि रमाबाई गृहिणी थीं। दोनों ने आत्महत्या से पहले चार पन्नों का सुसाइड नोट और एक भावुक वीडियो भी छोड़ा है। सुसाइड नोट में लिखा है कि वे दोनों पूरी होश-हवास में, अपनी इच्छा से खुद को भगवान शिव को समर्पित कर रहे हैं। उन्होंने परिजनों से अपील की है कि उनकी विदाई शोक में नहीं, बल्कि खुशी-खुशी की जाए।

घटना से पहले बनाए गए वीडियो में पति-पत्नी अपने वकील से आग्रह करते नजर आ रहे हैं कि उनकी मृत्यु के बाद बेटे आदित्य से जुड़े बीमा क्लेम की राशि बड़े भाइयों कुलबहरा पटेल और जलबहरा पटेल को दिलवा दी जाए। वीडियो और सुसाइड नोट दोनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसने लोगों को भावुक कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2024 में उनके इकलौते बेटे आदित्य पटेल (21) की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बेटे की असामयिक मृत्यु के बाद से दोनों गहरे अवसाद में थे। सुसाइड नोट में पिता ने लिखा है कि आदित्य ही उनके जीवन का आधार था और उसके बिना उनका जीवन अर्थहीन हो गया था।

रविवार देर रात दोनों ने यह कदम उठाया। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। शिवरीनारायण थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version