रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में छत्तीसगढ़ का बलरामपुर-रामानुजगंज जिला प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में जिले ने 90 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है।
28 फरवरी 2026 से शुरू हुए इस राष्ट्रीय अभियान के तहत जिले में 8,785 पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जाना था। अब तक 7,931 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है, जिससे 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो गया है। अब प्रशासन का फोकस शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने पर है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनस्वास्थ्य, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए इस उपलब्धि की सराहना की है। उनका कहना है कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और हर पात्र बालिका तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
जिले की इस सफलता में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले की समन्वित भूमिका रही। टीमों ने दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया।
कलेक्टर ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए निर्देश दिए हैं कि अभियान से छूटी हुई हर पात्र बालिका तक पहुंचकर जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर गांव-गांव संपर्क किया जाएगा।
दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों वाला बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अब राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण बनकर उभरा है। प्रशासन का मानना है कि मजबूत नेतृत्व, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता के कारण कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
