फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर से RMA का तबादला कराने की कोशिश, 2 BJP नेताओं समेत 4 गिरफ्तार

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर बनाकर ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) का तबादला कराने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

इनमें भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष और गिरौदपुरी के पूर्व सरपंच पुनी राम पटेल के अलावा RMA करण कुमार देवांगन और कसडोल के RMA रवि सेन शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने करीब एक लाख रुपए के लेनदेन के बाद CMHO के जाली हस्ताक्षर वाला फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कराया था।

मामला रोहांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ RMA करण कुमार देवांगन से जुड़ा है। आरोप है कि करण अपना तबादला रोहांसी PHC से मोपरा PHC कराने के लिए आरोपियों के संपर्क में आया था।

रवि सेन ने करण और भाजपा नेताओं के बीच संपर्क कराया। इसके बाद पुनी राम पटेल ने तबादला कराने का आश्वासन देते हुए करण की मुलाकात कृष्णा अवस्थी से कराई।

आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने तबादले के बदले एक लाख रुपए की मांग की। इसके बाद CMHO डॉ. राजेश अवस्थी के जाली हस्ताक्षर वाला फर्जी ट्रांसफर आदेश तैयार कर व्हाट्सऐप के जरिए करण को भेजा गया।

यह आदेश 17 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय तक पहुंचा। जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद BMO डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत पर पलारी थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अब ऑनलाइन लेनदेन, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जाली हस्ताक्षर कराने की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। चारों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इधर, भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने भी कार्रवाई की। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर कृष्णा अवस्थी और पुनी राम पटेल को उनके संगठनात्मक पदों से तत्काल हटा दिया गया है।

Exit mobile version