रायपुर। राजधानी रायपुर में भव्य शुरुआत के बाद अब जगदलपुर में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का अगला और सबसे रोमांचक चरण शुरू होने जा रहा है। 30 मार्च से धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन होगा, जिस पर पूरे देश के खेल प्रेमियों की नजरें टिकी हैं।
इस महाकुंभ का शुभंकर ‘मोर वीर’ जनजातीय युवाओं के साहस और ऊर्जा का प्रतीक है। आयोजन की शुरुआत केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुई थी। अब एथलेटिक्स में देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 443 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में कुल 17 इवेंट शामिल हैं। इनमें 100 मीटर स्प्रिंट से लेकर 10,000 मीटर लंबी दौड़, हर्डल्स, रिले रेस, ऊंची कूद और लंबी कूद जैसे मुकाबले प्रमुख आकर्षण होंगे। पहले ही दिन डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और 110 मीटर हर्डल्स के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। शाम को 400 मीटर और रिले रेस के साथ विजेताओं को पदक प्रदान किए जाएंगे। इस आयोजन में कुल 102 पदकों के लिए मुकाबले होंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 33 खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रशासन ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए शहर के 13 होटलों की व्यवस्था की गई है, साथ ही एसी वाहनों से आवागमन की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा, चिकित्सा और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इसके अलावा पर्यटन विभाग खिलाड़ियों को बस्तर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराएगा, जिससे वे यहां की संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित हो सकें। यह आयोजन न केवल जनजातीय प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि बस्तर को एक उभरते खेल गंतव्य के रूप में भी पहचान दिलाएगा।
