ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बारिश में खराब सड़कों पर नाराज हुए अरुण साव, 15 अक्टूबर तक सुधार के निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्ग समेत सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने कहा, नए काम 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश

रायपुर। रायपुर में उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बारिश के दौरान खराब हुई सड़कों और पुलों की स्थिति पर नाराजगी जताई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों समेत प्रदेश की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुधार के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय निर्माण भवन में हुई बैठक में उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर की सड़कों और पुलों की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंता शामिल हुए। सभी संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़े।

अरुण साव ने अधिकारियों को बारिश खत्म होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए पुख्ता कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने अगले दो-तीन दिनों में सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने क्षेत्रों का दौरा कर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति जांचने के निर्देश दिए। मरम्मत और संधारण के लिए जरूरत के अनुसार राशि उपलब्ध कराने की बात भी कही।

उन्होंने सड़कों के साथ पुलों और डिवाइडरों की मरम्मत, साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को सप्ताह में दो से तीन दिन फील्ड में रहने को कहा गया है।

जिन नए निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए गए। निर्माण के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए डायवर्टेड रूट और पर्याप्त साइनेज लगाने को कहा गया। कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया गया है।

परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत संबंधित ठेकेदारों से कराने के निर्देश भी दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

बैठक में विभागीय अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाने और परिसरों को कबाड़ व कचरे से मुक्त रखने के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

Back to top button