छत्तीसगढ़ के नए पूर्णकालिक DGP बने अरुण देव गौतम

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए 1992 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का नया पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त कर दिया। गृह विभाग की ओर से 16 मई 2026 को इसका आधिकारिक आदेश जारी किया गया। इसके साथ ही अब अरुण देव गौतम स्थाई रूप से राज्य पुलिस की कमान संभालेंगे।

अरुण देव गौतम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के रहने वाले हैं। वे लंबे समय से छत्तीसगढ़ प्रशासन और पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं। उनका प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली काफी प्रभावशाली मानी जाती है। वे राज्य में सबसे लंबे समय तक गृह सचिव के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

पुलिस और प्रशासनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्ष 2002 में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत कोसोवो में सेवाओं के लिए उन्हें यूनाइटेड नेशंस मेडल मिला था। इसके अलावा 2010 में भारतीय पुलिस पदक और 2018 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया गया।

अरुण देव गौतम की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब राज्य में कानून व्यवस्था, साइबर अपराध, नक्सल गतिविधियों और संगठित अपराधों को लेकर पुलिस के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का फायदा राज्य पुलिस को मिलेगा।

सरकार के इस फैसले के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक अधिकारियों में भी नई नियुक्ति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी।

Exit mobile version