दुर्ग से नहीं चलेगी आरा एक्सप्रेस, बिलासपुर-बक्सर ट्रेन भी रद्द: 28 नवंबर से 17 दिसंबर तक कई ट्रेनें प्रभावित

रायपुर। छत्तीसगढ़ से बिहार, झारखंड और दक्षिण भारत जाने वाले रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के झारसुगुड़ा यार्ड में पुनर्विकास और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण नवंबर के आखिरी सप्ताह से दिसंबर के मध्य तक कई ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ का परिचालन आंशिक रूप से होगा। इसमें दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस और बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस भी शामिल हैं।

दुर्ग-राउरकेला के बीच नहीं चलेगी आरा एक्सप्रेस

रेलवे के अनुसार, 13288 आरा-दुर्ग एक्सप्रेस 28 नवंबर और 4 से 15 दिसंबर तक दुर्ग के बजाय राउरकेला तक ही चलेगी। वापसी में 13287 दुर्ग-आरा एक्सप्रेस 29 नवंबर और 5 से 16 दिसंबर तक दुर्ग के बजाय राउरकेला से रवाना होगी। इन तारीखों में दुर्ग और राउरकेला के बीच ट्रेन की सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।

बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस दो दिन रद्द

22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 11 दिसंबर और 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस 12 दिसंबर को रद्द रहेगी। इसके अलावा 17007 चार्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस 28 नवंबर, 5, 8 और 12 दिसंबर को नहीं चलेगी। इसकी वापसी ट्रेन 17008 दरभंगा-चार्लापल्ली 1, 8, 11 और 15 दिसंबर को रद्द रहेगी।

17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 10 दिसंबर और 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 13 दिसंबर को निरस्त रहेगी।

इन ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव

12376 जसीडीह-तांबरम एक्सप्रेस 2 दिसंबर और 12375 तांबरम-जसीडीह एक्सप्रेस 28 नवंबर व 5 दिसंबर को रद्द रहेगी। तिरुपति-रक्सौल और रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस भी दिसंबर में निर्धारित तारीखों पर नहीं चलेंगी।

गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस 30 नवंबर, 6 दिसंबर और 8 से 15 दिसंबर तक हटिया में ही समाप्त होगी। वापसी में संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस 1, 7 और 9 से 16 दिसंबर तक हटिया से चलेगी।

रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले NTES या हेल्पलाइन नंबर 139 पर ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है।

↑
Exit mobile version