रायपुर। हज-2027 पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी ने रायपुर के मुखर्जी बड़ा स्थित बैरन बाजार कार्यालय में निःशुल्क ई-हज सुविधा केंद्र शुरू किया है। यहां बिना किसी शुल्क के हज यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन भरे जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज़ बेग ने सोमवार को बताया कि कई लोगों को ऑनलाइन आवेदन भरने में परेशानी होती है। इसी को देखते हुए हज कमेटी ने विशेष काउंटर की व्यवस्था की है, ताकि सभी इच्छुक आवेदक तय समय सीमा के भीतर आसानी से आवेदन कर सकें।
उन्होंने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 तय की है। इसलिए सभी आवेदकों से समय रहते आवेदन पूरा करने की अपील की गई है।
मिर्ज़ा एजाज़ बेग ने बताया कि आवेदन करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है। बिना निर्धारित अवधि तक वैध पासपोर्ट के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हज कमेटी कार्यालय में बनाए गए ई-सुविधा केंद्र पर आवेदक आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपना ऑनलाइन आवेदन निःशुल्क भरवा सकते हैं। यहां आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
हज कमेटी ने सभी इच्छुक यात्रियों से अपील की है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तरह की तकनीकी या दस्तावेज संबंधी परेशानी से बचा जा सके।
हज-2027 के आवेदन या अन्य जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय, मुखर्जी बड़ा, बैरन बाजार, रायपुर में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा दूरभाष नंबर 0771-4266646 पर भी आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
