ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

एक्सिस बैंक में बड़ा फर्जीवाड़ा: उप प्रबंधक ने बदला मोबाइल नंबर, FD तोड़कर निकाले लाखों रुपए

रायपुर। राजधानी रायपुर में बैंकिंग व्यवस्था को झकझोर देने वाला एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में बैंक के ही एक कर्मचारी पर ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तुड़वाकर करीब 14.97 लाख रुपए की हेराफेरी करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित ग्राहक सुषमा कुमार के बैंक खाते से उनकी जानकारी और सहमति के बिना मोबाइल नंबर बदल दिया गया। आरोप है कि बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह ने 17 जुलाई को फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म का इस्तेमाल कर खाते में दर्ज मोबाइल नंबर को बदल दिया। इसके बाद खाते से जुड़ी सभी डिजिटल सुविधाओं तक पहुंच आसान हो गई।

आरोपियों ने मोबाइल नंबर बदलने के बाद बैंकिंग एप का इस्तेमाल कर ग्राहक की 14.40 लाख रुपए से अधिक की एफडी को समय से पहले बंद कर दिया। एफडी की राशि बचत खाते में जमा होते ही अन्य रकम को जोड़कर कुल 14.97 लाख रुपए एक निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

जांच में सामने आया कि यह रकम गुढ़ियारी स्थित इंडियन सेल्स के खाते में भेजी गई थी, जिसका संचालन योगेश येडे करता है। इसके बाद चेक और एटीएम के जरिए पूरी राशि निकाल ली गई।

मामले का खुलासा 7 अगस्त को हुआ, जब पीड़ित महिला बैंक पहुंचीं और उन्हें खाते में गड़बड़ी की जानकारी मिली। शिकायत के बाद बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू की, जिसमें फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।

शाखा प्रबंधक की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, चेक और एटीएम ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस पूरे फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

Related Articles

Back to top button