कच्चे मकान से पक्के घर तक पहुंचा अमृतलाल का परिवार, बदली जिंदगी

रायपुर। गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत पंडरीपानी निवासी अमृतलाल का परिवार कभी कच्चे मिट्टी के मकान में रहने को मजबूर था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता और दीवारों में सीलन आ जाती थी। इससे परिवार को मौसम के साथ कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अमृतलाल को पक्के आवास की स्वीकृति मिली। योजना की सहायता से उनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना पूरा हुआ। अब परिवार मजबूत और सुरक्षित मकान में रह रहा है। नए घर ने उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने के साथ परिवार को सुरक्षा और सम्मान का एहसास भी दिया है।

अमृतलाल बताते हैं कि पहले बारिश शुरू होते ही घर को लेकर चिंता बढ़ जाती थी। अब छत से पानी टपकने और दीवारों में सीलन जैसी समस्याएं नहीं हैं। परिवार के सभी सदस्य स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में रह रहे हैं। घर मिलने से बच्चों को भी पढ़ाई के लिए बेहतर और शांत माहौल मिला है।

उनका कहना है कि पक्का मकान उनके लिए सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि परिवार के सुरक्षित भविष्य का आधार है। बच्चों की पढ़ाई और परिवार की सुविधाओं को लेकर अब पहले की तुलना में अधिक भरोसा महसूस होता है।

अमृतलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आभार जताते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार का वर्षों पुराना सपना पूरा किया है। पक्के घर ने परिवार को सुरक्षा के साथ सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत दी है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अमृतलाल का परिवार भी इसी बदलाव का उदाहरण है, जहां पक्की छत मिलने से परिवार की दिनचर्या, बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर सोच में सकारात्मक बदलाव आया है।

↑
Exit mobile version