ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भदौरा में छत बनी बिजलीघर, 3 किलोवाट सोलर प्लांट से मिली राहत

रायपुर। गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत भदौरा निवासी शुभम राठौर ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाकर सौर ऊर्जा को अपनाया है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिले लाभ से उनके परिवार की घरेलू बिजली जरूरतें अब सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं। इससे बिजली खर्च में भी राहत मिली है।

शुभम राठौर को सोलर प्लांट लगाने के लिए केंद्र सरकार से 78 हजार रुपए की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में मिली। वहीं, राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपए की सब्सिडी का लाभ मिला। दोनों स्तरों से मिली आर्थिक सहायता से उनके लिए घर की छत पर सोलर प्लांट लगाना आसान हुआ।

सोलर प्लांट लगने से पहले राठौर परिवार को हर महीने करीब 400 से 500 रुपए बिजली बिल देना पड़ता था। अब घर की जरूरत की बिजली का बड़ा हिस्सा छत पर लगे सोलर प्लांट से मिल रहा है। इससे परिवार को बिजली खर्च को लेकर राहत मिली है।

सोलर प्लांट से जरूरत से ज्यादा बिजली बनने पर अतिरिक्त बिजली ग्रिड में पहुंचती है। इसका समायोजन बिजली बिल में किया जाता है। इस व्यवस्था से सौर ऊर्जा का बेहतर उपयोग हो रहा है और परिवार बिजली उत्पादन की प्रक्रिया से भी जुड़ रहा है।

शुभम राठौर का कहना है कि सोलर प्लांट लगने के बाद उनकी छत ही बिजली उत्पादन का माध्यम बन गई है। योजना के तहत मिली सब्सिडी से सौर ऊर्जा अपनाना आसान हुआ। अब परिवार स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग कर बिजली खर्च में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहा है।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जरिए घरों की छतों पर सोलर प्लांट स्थापित करने को बढ़ावा दिया जा रहा है। भदौरा के शुभम राठौर का परिवार इसका उदाहरण है। सौर ऊर्जा से घरेलू जरूरतें पूरी होने के साथ आर्थिक राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी कदम बढ़ा है।

Related Articles

Back to top button