रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार देर शाम तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। राजधानी रायपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
गृहमंत्री आज रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगे, जबकि सोमवार सुबह बस्तर के लिए रवाना होंगे। दौरे के दौरान वे रायपुर और जगदलपुर में कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अमित शाह सीधे नवा रायपुर स्थित होटल पहुंचे। उनके दौरे को लेकर राजधानी समेत बस्तर संभाग में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गृहमंत्री के स्वागत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बस्तर अब नक्सलमुक्त होकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, 18 मई की सुबह 10:30 बजे अमित शाह रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे डायल-112 सेवा के लिए शामिल किए गए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इसके बाद दोपहर 12:20 बजे वे रायपुर से जगदलपुर रवाना होंगे। जगदलपुर पहुंचने के बाद नेतानार में जनसुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। शाम को वे पुलिस विभाग द्वारा आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। गृहमंत्री का रात्रि विश्राम जगदलपुर में ही रहेगा।
दौरे के अंतिम चरण में 19 मई को जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में अमित शाह हिस्सा लेंगे। बैठक के बाद उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है। इसके बाद वे दोपहर में जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
