घर बैठे ‘तुंहर टोकन’ से धान बेच रहे किसान: रामपुर केंद्र में 826 पंजीकृत किसान, 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा भाव

मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया खरीदी का शुभारंभ; बेटे और भतीजे के मोबाइल से टोकन लेकर केंद्र पहुंचे किसान, बोले- अब नहीं लगाने पड़ते चक्कर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के दौरान किसानों को अब टोकन के लिए खरीदी केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। ‘तुंहर टोकन’ ऐप से घर बैठे मोबाइल पर ही धान बिक्री की तारीख मिल रही है।

रामपुर धान खरीदी केंद्र में भी इस सुविधा का लाभ क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों के 826 पंजीकृत किसानों को मिल रहा है। यहां पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने धान खरीदी का शुभारंभ किया।

सात पंचायतों के किसान बेच सकेंगे धान

आदिमजाति सेवा सहकारी समिति के रामपुर केंद्र से रामपुर, चिताबहार, सरईटिकारा, नावांबांध, पोड़ी, हरिहरपुर और परसोडी ग्राम पंचायतों के किसान जुड़े हैं। केंद्र में बारदाने की उपलब्धता और व्यवस्थित तौलाई की व्यवस्था की गई है। किसान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान बेच रहे हैं।

बेटे ने काटा टोकन, 22 क्विंटल धान लेकर पहुंचे

रामपुर निवासी किसान भुवनेश्वर राम राजवाड़े करीब सवा एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने मोबाइल से ऑनलाइन टोकन काटा। इसके बाद वे निर्धारित तारीख पर 22 क्विंटल धान लेकर केंद्र पहुंचे। उनके मुताबिक, तौलाई और खरीदी की प्रक्रिया व्यवस्थित रही। टोकन के लिए बार-बार केंद्र आने की जरूरत नहीं पड़ी।

भतीजे के मोबाइल से लिया टोकन

पोड़ी खुर्द के किसान इतबल राम ने भी भतीजे के मोबाइल से 20 क्विंटल धान बेचने का टोकन लिया। उनके पास 64 क्विंटल का धान रकबा है।

उन्होंने बताया कि केंद्र में बारदाना पर्याप्त है और तौलाई में भी परेशानी नहीं हुई। किसानों ने 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर को खेती और परिवार की जरूरतों के लिए आर्थिक सहारा बताया।

ऐप से बच रहा समय और भागदौड़

‘तुंहर टोकन’ ऐप से किसान घर बैठे धान बिक्री के लिए टोकन ले सकते हैं। इससे कतारों में लगने और खरीदी केंद्र के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत कम हुई है। निर्धारित दिन टोकन के मुताबिक धान पहुंचने से खरीदी प्रक्रिया भी व्यवस्थित हो रही है।

↑
Exit mobile version