छत्तीसगढ़ में अस्पतालों और मेडिकल स्टोर को संशोधित मूल्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश; अधिक कीमत वसूली या दवा नहीं मिलने पर यहां करें शिकायत
रायपुर। कैंसर के मरीजों को इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं की संशोधित कीमतों का लाभ देना अनिवार्य होगा।
छत्तीसगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दवा कंपनियों, वितरकों, मेडिकल स्टोर और अस्पतालों को नई अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) का पालन करने के निर्देश दिए हैं। ये संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं।
निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
NPPA के आदेश के बाद बदली कीमतें
राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 17 अक्टूबर 2026 को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन लागू करने का आदेश जारी किया था। इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों को नियंत्रित कर मरीजों को राहत देना है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने संबंधित प्रतिष्ठानों को कंपनियों की नई मूल्य सूची के अनुसार ही दवाएं बेचने को कहा है।
अस्पतालों में दिखानी होगी नई रेट लिस्ट
अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और कैंसर उपचार संस्थानों को संशोधित मूल्य सूची ऐसी जगह प्रदर्शित करनी होगी, जहां मरीज और उनके परिजन आसानी से देख सकें। जहां लागू हो, वहां वेबसाइट पर भी सूची उपलब्ध करानी होगी।
अस्पतालों को मरीजों को दी जाने वाली दवाओं की MRP का नई सूची से नियमित मिलान करना होगा। दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ज्यादा कीमत वसूली तो यहां करें शिकायत
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अधिक कीमत वसूलने या नियमों का उल्लंघन करने पर औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश-2013 और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई होगी।
मरीज और परिजन अधिक कीमत वसूली या दवा की अनुपलब्धता की शिकायत इन माध्यमों से कर सकते हैं:
- छत्तीसगढ़ मूल्य निगरानी इकाई: 9340597097
- NPPA हेल्पलाइन: 1800-111-255
- ईमेल: cg-pmru@cg.gov.in
- NPPA ईमेल: monitoring-nppa@gov.in
- नियंत्रक कार्यालय: controllerraipur@gmail.com
- फार्मा सही दाम ऐप/पोर्टल
