तमिलनाडु में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा, CM विजय ने रखे 9 अहम विभाग

दिल्ली। तमिलनाडु में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। मुख्यमंत्री विजय ने गृह विभाग समेत 9 महत्वपूर्ण मंत्रालय अपने पास रखे हैं। इसे सरकार की प्रशासनिक रणनीति और मजबूत नियंत्रण के तौर पर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री के पास गृह, सामान्य प्रशासन, पुलिस, महिला एवं युवा कल्याण, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों का कल्याण, नगर प्रशासन, शहरी विकास और जल आपूर्ति जैसे अहम विभाग रहेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय ने सीधे जनता से जुड़े विभाग अपने पास रखकर प्रशासन पर मजबूत पकड़ बनाए रखने की कोशिश की है।
सरकार में वरिष्ठ नेता केए सेंगोट्टैयन को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें राज्य की आर्थिक व्यवस्था संभालने का जिम्मा मिला है। वहीं एन आनंद को ग्रामीण विकास और जल संसाधन विभाग सौंपा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और जल प्रबंधन पर उनका फोकस रहेगा।
इसके अलावा आधव अर्जुन को लोक निर्माण विभाग दिया गया है। उनके पास भवन निर्माण, हाईवे और छोटे बंदरगाहों के साथ खेल विकास विभाग की जिम्मेदारी भी रहेगी। वहीं डॉ. केजी अरुणराज स्वास्थ्य, मेडिकल शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग संभालेंगे।
नई सरकार के विभागीय बंटवारे के बाद अब प्रशासनिक कामकाज तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री विजय अपनी सरकार को विकास, शहरी ढांचे और सामाजिक कल्याण के मुद्दों पर आगे बढ़ाना चाहते हैं।





