StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

बिलासपुर में खामेनेई की मौत पर जश्न का आरोप: हिंदू संगठन नेता पर FIR, सोशल मीडिया वीडियो से बढ़ा विवाद

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर किए गए एक विवादित पोस्ट को लेकर माहौल गरमा गया है। हिंदू संगठन से जुड़े नेता ठाकुर राम सिंह पर ईरान के सुप्रीम लीडर आयत उल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद जश्न मनाने और मिठाइयां बांटने का आरोप लगा है।

इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें मुसलमानों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। मामला सामने आने के बाद मुस्लिम समाज में नाराजगी फैल गई और लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। यह पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयत उल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई थी। इसी खबर के बाद ठाकुर राम सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में वह खामेनेई की मौत पर जश्न मनाते हुए दिखाई दे रहे हैं और लोगों में मिठाइयां बांटने का भी आरोप है।

वीडियो में उन्होंने खामेनेई की मौत पर मातम मनाने वालों को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, उन्होंने भारतीय मुसलमानों को देशद्रोही बताते हुए उन्हें ईरान भेजने जैसी टिप्पणी भी की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में विवाद की स्थिति बन गई।

इस पोस्ट के सामने आने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग सरकंडा थाने पहुंचे और ठाकुर राम सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इससे शहर की शांति व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।

मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि बिलासपुर हमेशा से भाईचारे और सौहार्द का शहर रहा है। ऐसे में किसी भी समुदाय के खिलाफ भड़काऊ बयान देना गलत है और इससे सामाजिक माहौल खराब हो सकता है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ठाकुर राम सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button