रतलाम में युवती से शोषण का आरोप: जबरन निकाह और धर्म परिवर्तन कराने का मामला, पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में एक युवती के साथ कथित रूप से लंबे समय तक शारीरिक शोषण, जबरन धर्म परिवर्तन, निकाह, गर्भपात और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी समीर उर्फ मार्बल पुत्र शहजाद मार्बल के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में जब वह नाबालिग थी, तब आरोपी ने उससे संपर्क बढ़ाया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने कथित तौर पर दबाव बनाकर दवा खिलाई, जिससे उसका गर्भपात हो गया।

शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर युवती और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने युवती पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया। आरोप है कि नाबालिग अवस्था में ही उससे जबरन निकाह कबूल करवाया गया और बाद में उसे अपने घर ले जाकर रखा गया।

पीड़िता ने बताया कि निकाह के बाद उसे परिवार से मिलने नहीं दिया जाता था। इस दौरान उसने एक बच्चे को जन्म दिया, जिसकी उम्र फिलहाल करीब नौ महीने है। आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद भी आरोपी का व्यवहार नहीं बदला और वह लगातार मारपीट व धमकी देता रहा।

पीड़िता के मुताबिक 8 जून को आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद वह किसी तरह अपने माता-पिता के घर पहुंची। उसी दिन आरोपी ने उसके मायके पहुंचकर हंगामा और पत्थरबाजी भी की।

इसके बाद 10 जून को कोर्ट चौराहे पर आरोपी ने युवती से बच्चे को छीनने का प्रयास किया। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से वह बच सकी। बाद में आरोपी ने युवती के भाई को फोन कर धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version