जंतर-मंतर प्रदर्शन में तोड़फोड़ की साजिश का दावा: बंगाल STF ने जैश संदिग्ध हमीम मंडल को पकड़ा, गर्लफ्रेंड भी गिरफ्तार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल STF ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल को लेकर बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। STF के मुताबिक, बर्धमान जिले से गिरफ्तार हमीम मंडल ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में हिंसा और तोड़फोड़ की साजिश रची थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि हमीम पुलिस की वर्दी पहनकर प्रदर्शन में घुसने की योजना बना रहा था।
STF के आईजी गौरव शर्मा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि हमीम और उसके नेटवर्क की नजर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं और पुलिस अधिकारियों पर थी। एजेंसी का दावा है कि उसे कुछ प्रभावशाली लोगों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया था।
जांच अधिकारियों के अनुसार, हमीम कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में था। उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया चैट की जांच में व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए विदेशी संपर्कों के संकेत मिलने का दावा किया गया है। STF का कहना है कि वह एन्क्रिप्टेड एप और विदेशी सिम कार्ड के जरिए बातचीत करता था।
इस मामले में STF ने हमीम की कथित सहयोगी और गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को भी गिरफ्तार किया है। अर्पिता को झारखंड के साहिबगंज से पकड़ा गया। कोर्ट ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि दोनों ने मिलकर एक राज्य मंत्री के बेटे को हनी ट्रैप में फंसाकर अपहरण और फिरौती की साजिश रची थी।
STF के मुताबिक, मामले की जांच एक शिकायत के बाद शुरू हुई, जिसमें मंत्री के बेटे को निशाना बनाने की साजिश का इनपुट मिला था। जांच के दौरान सोशल मीडिया अकाउंट्स और डिजिटल गतिविधियों के जरिए हमीम तक पहुंच बनाई गई।
एजेंसी अब कथित आतंकी नेटवर्क, विदेशी संपर्कों, फंडिंग और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। हालांकि, जांच पूरी होने तक सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच एजेंसियों के साक्ष्यों के आधार पर ही होगी।





