दिल्ली। देश के आधे से ज्यादा हिस्से में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां शनिवार को 47.1°C तापमान दर्ज किया गया।
प्राइवेट एजेंसी AQI.in के मुताबिक रविवार सुबह 10 बजे तक दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों की सूची में सभी शहर भारत के रहे। इनमें बांदा, चंद्रपुर, रायपुर, प्रयागराज और झारसुगुड़ा जैसे शहर शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा में शनिवार को 46.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि ओडिशा के झारसुगुड़ा में पारा 45.2°C तक पहुंच गया।
दिल्ली-एनसीआर में भी गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। कई इलाकों में तापमान 44°C के पार रहा। हालांकि दोपहर बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। राजस्थान के सभी शहरों का तापमान 45°C से नीचे आ गया है।
इधर, तेलंगाना में हीटस्ट्रोक का कहर देखने को मिला है। पिछले 24 घंटे में 7 जिलों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने हैदराबाद समेत कई जिलों में 26 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन उत्तर भारत में गर्मी और हीटवेव का असर बना रहेगा। वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना है। कई राज्यों में आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।
