सारंगढ़ में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज, खिलाड़ियों को मिली दो बड़ी सौगात

मंत्री टंक राम वर्मा बोले- हार से सीखें, जीत का अहंकार न करें; सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और DIET कॉलेज की घोषणा

रायपुर। सारंगढ़ में रविवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का रंगारंग आगाज हुआ। खेलभांठा मैदान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से आए 330 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और DIET कॉलेज शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिले में नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव भी प्रक्रिया में हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिले के प्रभारी एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों होती हैं। हार से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए और जीत के बाद अहंकार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। मैदान में उतरने वाला ही जीत और हार का अनुभव हासिल करता है, जबकि प्रयास नहीं करने वाला केवल दर्शक बनकर रह जाता है।

प्रतियोगिता 4 से 7 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के 330 खिलाड़ी शामिल हैं। पहले दिन फुटबॉल अंडर-14 बालक, सॉफ्टबॉल अंडर-17 बालक-बालिका और क्रिकेट अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबले हुए।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की विविधता को खेल एकता के सूत्र में जोड़ने का काम करता है।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में विद्यार्थियों के लिए NEET की विशेष कोचिंग शुरू की जा रही है। AI आधारित कक्षाओं, रोबोटिक्स लैब और अटल टिंकरिंग लैब के जरिए बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। समारोह में विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, विधायक कविता प्राण लहरे, सांसद राधेश्याम राठिया समेत जनप्रतिनिधि और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version