लोकभवन में अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया AI प्रशिक्षण, शासकीय कार्यों में तकनीक के उपयोग पर जोर

रायपुर। लोकभवन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और शासकीय कार्यप्रणाली में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।

कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को AI की उपयोगिता, कार्यप्रणाली और विभिन्न क्षेत्रों में इसके प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण सत्र का आयोजन अवर सचिव अनुभव शर्मा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस किस प्रकार दैनिक कार्यों को अधिक सरल, तेज और प्रभावी बना सकता है।

AI के माध्यम से डेटा विश्लेषण, दस्तावेज तैयार करने, कार्य प्रबंधन और समय की बचत जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सत्र में शासकीय कार्यों में AI के उपयोग की संभावनाओं पर विशेष प्रकाश डाला गया। अधिकारियों को बताया गया कि आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाया जा सकता है।

प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और AI आधारित नई तकनीकों की उपयोगी जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासकीय कार्यप्रणाली में डिजिटल तकनीकों को बढ़ावा देना और अधिकारियों-कर्मचारियों को बदलते तकनीकी परिवेश के अनुरूप दक्ष बनाना रहा।

अधिकारियों ने माना कि AI जैसी आधुनिक तकनीकें प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने और निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल के विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, उप सचिव निधि साहू, सुधीर सुलतानिया, लक्षित त्रिलोक सेठिया, अनूप अग्रवाल सहित लोकभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों को तकनीकी ज्ञान से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।

Exit mobile version