मुख्यमंत्री की घोषणा पर त्वरित अमल, ग्रामीण विकास कार्यों को मिली मंजूरी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार अब जनसंवाद के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

मुख्यमंत्री द्वारा ग्रामीणों की मांगों पर की गई घोषणाओं को जिला प्रशासन ने तेजी से अमल में लाते हुए विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सरगुजा प्रवास के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली थी। इसी क्रम में अब पंचायत भवन, पीडीएस भवन और मुक्तिधाम जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है।

गौरतलब है कि 3 मई 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तहत सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलमा के शांतिपारा पहुंचे थे।

यहां आयोजित जन चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की जरूरतों को समझा और विकास कार्यों की घोषणा की थी।

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सिलमा में कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी है।

डीएमएफ और मनरेगा के अभिसरण से 18.30 लाख रुपये की लागत से नवीन पंचायत भवन निर्माण, डीएमएफ मद से 2.50 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम निर्माण तथा मनरेगा मद से 11.63 लाख रुपये की लागत से नवीन पीडीएस भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है।

इसी तरह ग्राम कुनकुरीकला में भी डीएमएफ एवं मनरेगा के संयुक्त माध्यम से 18.30 लाख रुपये की लागत से नवीन पंचायत भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन सीधे जनता तक पहुंच रहा है और उनकी मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों ने विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों और मांगों का लगातार निराकरण किया जा रहा है।

इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है और सुशासन की अवधारणा जमीनी स्तर पर मजबूत हो रही है।

Exit mobile version