पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिला पक्का घर, मौसम की मार से राहत

पीएम जनमन योजना से वर्षों पुराना आवास का सपना हुआ पूरा, सुरक्षित छत ने बढ़ाया भरोसा और सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने से उनके जीवन में बदलाव दिखाई दे रहा है। सरगुजा जिले के जनपद पंचायत उदयपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत केशमा (वन केशमा) में पहाड़ी कोरवा परिवारों को पीएम जनमन योजना के तहत पक्के आवास मिले हैं। वर्षों से कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए यह सुरक्षित आवास बड़ी राहत लेकर आया है।
गांव के पहाड़ी कोरवा परिवार हुडकू राम/बिरझु और रतन साय/छन्दू लंबे समय से पक्के घर की उम्मीद लगाए हुए थे। पीएम जनमन योजना के माध्यम से दोनों परिवारों को पक्का आवास मिलने के बाद उनकी वर्षों पुरानी चिंता दूर हुई है। नए घर में परिवार सुरक्षित वातावरण में अपना जीवन आगे बढ़ा रहे हैं।
पहाड़ी इलाकों में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को बारिश, तेज हवाओं और ठंड के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। बारिश में छत टपकने और तेज हवा में कमजोर दीवारों को लेकर चिंता बनी रहती थी। पक्का मकान मिलने के बाद इन परेशानियों से राहत मिली है। अब बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित छत के नीचे रहने की सुविधा मिल रही है।
परिवारों के लिए यह आवास सिर्फ चार दीवारों का निर्माण नहीं, बल्कि सुरक्षा और स्थायित्व का आधार है। सुरक्षित घर मिलने से अब वे बच्चों की पढ़ाई, आजीविका और अन्य घरेलू जरूरतों पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगे।
पीएम जनमन योजना विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) तक आवास समेत बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। केशमा के हुडकू राम और रतन साय के परिवारों को मिला पक्का आवास इसी पहल के तहत आए बदलाव की तस्वीर है। कभी कच्चे घर और मौसम की चिंता में गुजरने वाले दिन अब सुरक्षित छत के नीचे सुकून और स्थायित्व के साथ बीत रहे हैं।





