धान खरीदी में रकबे की गड़बड़ी दूर करने में जुटा प्रशासन, बालोद में किसानों के कटने लगे टोकन

पोर्टल पर शून्य रकबा दिखने की समस्या का हो रहा समाधान, एग्रीस्टैक के जरिए अपडेट हो रही जमीन की जानकारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों को रकबे से जुड़ी तकनीकी परेशानियों से राहत मिलने लगी है।

बालोद जिला प्रशासन ने पोर्टल पर शून्य रकबा या दूसरी फसल प्रदर्शित होने की शिकायतों के निराकरण के लिए सहकारी समितियों में विशेष व्यवस्था की है। एग्रीस्टैक पोर्टल के जरिए किसानों के भूमि रिकॉर्ड का दोबारा सत्यापन और पंजीयन किया जा रहा है। इससे किसानों के रकबे अपडेट हो रहे हैं और धान बेचने के लिए टोकन भी कटने लगे हैं।

जिला प्रशासन के मुताबिक, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान बेचने वाले किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम मेड़की के किसान पीयूष कुमार साहू का मामला सामने आया है। उनके ऑनलाइन रिकॉर्ड में धान का रकबा लगभग शून्य दिखाई दे रहा था। इसके कारण वे धान बेचने को लेकर परेशान थे। उन्होंने जरूरी भूमि दस्तावेजों के साथ मेड़की सहकारी समिति में संपर्क किया। समिति स्तर पर दोबारा पंजीयन और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनकी समस्या दूर हो गई। अब उनका रकबा अपडेट हो चुका है और वे धान बेचने के लिए टोकन ले सकते हैं।

रकबा अपडेट होते ही किसान का कटा टोकन

इसी तरह ग्राम खरथुली के किसान पवन कुमार को भी शुरुआत में शून्य रकबे की समस्या का सामना करना पड़ा। इस वजह से उनका टोकन नहीं कट पा रहा था। समिति कर्मचारियों की जानकारी पर उन्होंने एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराया। इसके बाद रिकॉर्ड अपडेट हुआ और उनका टोकन आसानी से कट गया।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि पोर्टल पर रकबे में गड़बड़ी दिखने पर परेशान न हों। वे अपने भूमि संबंधी दस्तावेजों के साथ संबंधित सहकारी समिति में संपर्क कर त्रुटि सुधरवा सकते हैं। इससे धान विक्रय की प्रक्रिया आसान होगी।

↑
Exit mobile version