प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों से बचें: खाद्य सचिव रीना कंगाले

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने आम लोगों से पैनिक खरीदी नहीं करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

खाद्य सचिव ने बताया कि राज्य के ऑयल डिपो में नियमित रूप से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हो रही है तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्तमान में प्रदेश में कुल 2516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। राज्य में पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर और डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है। जबकि दैनिक आवश्यकता पेट्रोल की 3,635 किलोलीटर और डीजल की 5,873 किलोलीटर है।

उन्होंने जानकारी दी कि गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न ऑयल डिपो में 6,551 किलोलीटर पेट्रोल और 4,760 किलोलीटर डीजल की नई आपूर्ति प्राप्त हुई है। इसके बावजूद पिछले दो दिनों में कुछ पंपों के अस्थायी रूप से ड्राई आउट होने के कारण लोगों में घबराहट का माहौल बना, जिससे ईंधन की खपत अचानक बढ़ गई।

रायपुर शहर में कुल 326 पेट्रोल-डीजल पंप हैं, जिनमें से 35 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट बताए गए हैं। वहीं बिलासपुर में 156 पंपों में से 13 पंप प्रभावित हैं। खाद्य सचिव ने कहा कि इन सभी पंपों तक ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति भेजी जा रही है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी प्रकार की वास्तविक कमी नहीं है। अचानक बढ़ी मांग के कारण कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव की स्थिति बनी है। शासन और ऑयल कंपनियां समन्वय के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आम उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन का संग्रहण न करें और अफवाहों से बचें।

Exit mobile version