गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 4 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इनमें 3 ट्रैक्टर रेत और एक ट्रैक्टर मिट्टी का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर विभाग की टीम जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जांच कर रही है।
खनिज विभाग की टीम को जांच के दौरान सिलपहरी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते 3 ट्रैक्टर मिले। वहीं ज्योतिपुर तिराहा में ईंट निर्माण के लिए मिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद चारों वाहनों को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
थाने और नगर सैनिक परिसर में रखे गए वाहन
विभाग के मुताबिक, जब्त किए गए 3 ट्रैक्टरों को अमरपुर थाना परिसर और एक ट्रैक्टर को नगर सैनिक परिसर में सुरक्षित रखा गया है। वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(5) और 23(क) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध दोहन पर सख्ती के निर्देश
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधन जनता की सामूहिक संपत्ति हैं और इनके अवैध दोहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल वाहनों को जब्त करना नहीं, बल्कि अवैध खनन पर रोक लगाना, सरकारी राजस्व की सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अनधिकृत उपयोग पर नियमित जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई में खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू और सैनिक साहिब गनी शामिल रहे।
